
यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात एक बड़ा और खौफनाक हादसा होते-होते टल गया। राया कट पुल के ऊपर से गुजर रही एक चलती यात्री बस अचानक धू-धू कर जल उठी और देखते ही देखते आग के गोले में तब्दील हो गई। भीषण लपटों और धुएं को देखकर बस में सवार करीब 40 यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
गनीमत यह रही कि समय रहते सभी यात्रियों ने बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, हालांकि इस अफरा-तफरी में किसी को अपना सामान निकालने का मौका नहीं मिला और सब कुछ जलकर राख हो गया।
जानकारी के मुताबिक, खजुराहो ट्रेवल्स की यह बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से सवारियों को लेकर मध्य प्रदेश के छतरपुर जा रही थी। बस की स्टीयरिंग छतरपुर के नौगांव निवासी चालक जितेंद्र के हाथों में थी। बताया जा रहा है कि शनिवार रात जब बस राया थाना क्षेत्र के अंतर्गत राया कट पुल के पास पहुंची, तभी बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट हो गया।
शॉर्ट सर्किट की वजह से उठी चिंगारी ने पलक झपकते ही विकराल रूप ले लिया और पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तपिश महसूस होते ही यात्रियों में दहशत फैल गई और वे जान बचाने के लिए बदहवास होकर बस से बाहर भागे।
रात करीब 1:38 बजे पुलिस कंट्रोल रूम (पीआरवी 5840) को इस अग्निकांड की सूचना मिली। सूचना मिलते ही राया थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल दमकल विभाग को अलर्ट किया। दमकल की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।
महावन के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) संजीव कुमार राय ने बताया कि फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि इस भयानक हादसे में बस और सामान तो जलकर खाक हो गए, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।



