
उत्तर प्रदेश के कासगंज-सिकंदराराऊ मार्ग पर शुक्रवार आधी रात को घने कोहरे के कारण एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। मोहनपुरा कस्बे के पास बरेली से जयपुर जा रही यात्रियों से भरी एक निजी बस बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई और हाईवे से नीचे खंती में उतर गई।
हादसे के वक्त बस में करीब 50 यात्री सवार थे, जिनमें अचानक हुए इस झटके से चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। हालांकि, राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और कोई जनहानि नहीं हुई।
सदर कोतवाली प्रभारी जगदीश चंद्र ने घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि रात करीब 1:20 बजे मुखिया जी कोल्ड स्टोरेज के पास इस हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर मोर्चा संभाला।
पुलिस की पूछताछ में बस चला रहे पीलीभीत निवासी चालक फरमान और बरेली निवासी परिचालक जैगम ने बताया कि हाईवे पर पुल निर्माण का कार्य चल रहा है, जिसके चलते यातायात के लिए रूट डायवर्जन कर सड़क पर डिवाइडर लगाए गए हैं। अत्यधिक घने कोहरे के कारण दृश्यता (Visibility) शून्य के करीब थी, जिसके चलते चालक डिवाइडर को नहीं देख सका और बस अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे उतर गई।
कड़ाके की ठंड और आधी रात के समय हुए इस हादसे के बाद पुलिस ने पूरी संवेदनशीलता के साथ सभी यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते में भटकने नहीं दिया, बल्कि उनके गंतव्य के अनुसार तीन अन्य वाहनों की व्यवस्था की। इसके बाद सभी यात्रियों को सकुशल जयपुर की ओर रवाना कर दिया गया। पुलिस की इस मुस्तैदी से यात्रियों ने राहत की सांस ली।



