
बागपत जिले के दोघट कस्बे (पट्टी तिरोसिया) में एक प्रेम विवाह को लेकर दो परिवारों के बीच चल रही तनातनी ने बुधवार रात हिंसक रूप ले लिया। पुरानी रंजिश और शराब के नशे में अनुज कश्यप और सावन कश्यप पक्ष के 50 से अधिक लोग आपस में भिड़ गए।
इस दौरान जमकर लाठी-डंडे, धारदार हथियार चले और भारी पथराव हुआ। हालात इतने बिगड़ गए कि बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस टीम पर भी उपद्रवियों ने पत्थर फेंके। इस हिंसक झड़प में तीन महिलाओं समेत कुल 12 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए 34 नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर 18 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
विवाद की असली जड़ सितंबर महीने से जुड़ी है। दरअसल, इन्हीं दोनों परिवारों के एक युवक (गौरव) और युवती (अंशुल) ने घर से भागकर कोर्ट मैरिज कर ली थी। पुलिस ने दोनों को बरामद कर कोर्ट में पेश किया था, जहां बालिग होने के कारण कोर्ट ने उन्हें साथ रहने की अनुमति दे दी थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तब से ही ठनी हुई थी और 10 दिन पहले भी इनका झगड़ा हुआ था।
बुधवार रात अनुज फोटोग्राफर की दुकान से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में सावन के साथ उसकी कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग वहां जमा हो गए, जिनमें से कई नशे में थे। मामला शांत होने के बजाय भड़क गया और भारी पथराव शुरू हो गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोगों ने घरों में छिपकर जान बचाई।
टीकरी चौकी प्रभारी एसआई पुष्पराज बिश्नोई की शिकायत पर पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। घायलों का टीकरी सीएचसी में इलाज कराया गया। एसपी पूर्णेंदु सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए 18 आरोपियों में से 17 को जेल भेज दिया गया है, जबकि एक नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह मेरठ भेजा गया है। पुलिस इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ी नजर रख रही है।




