उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के दन्नाहार थाना क्षेत्र स्थित विघरई गांव में शुक्रवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के बाहर एक नीम के पेड़ पर 40 वर्षीय युवक का शव फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिला। सुबह जब ग्रामीण शौच के लिए निकले तो इस भयानक दृश्य को देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई और पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही दन्नाहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल (मैनपुरी मोर्चरी) भेज दिया। मृतक की पहचान विघरई गांव के ही रहने वाले योगेश (40), पुत्र जानकी प्रसाद के रूप में हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, योगेश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी 16 साल पहले ही पत्नी की मौत हो चुकी थी। मृतक की तीन बहनें हैं, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है, जबकि एक बहन अभी अविवाहित है। ग्रामीणों ने बताया कि पत्नी के निधन के बाद से योगेश कथित तौर पर शराब पीने का आदी हो गया था।
यह आत्महत्या है या हत्या, फिलहाल यह रहस्य बना हुआ है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।



