
उत्तराखंड में इस बार जनगणना पूरी तरह से आधुनिक, पेपरलेस और डिजिटल होने जा रही है। 15 साल बाद हो रही इस जनगणना की सबसे खास बात यह है कि इसमें प्रत्येक घर को डिजिटल मानचित्र (Digital Map) पर ‘जियो-टैग’ किया जाएगा।
इस बार आम लोगों को घर बैठे ‘स्व-गणना’ (Self-Enumeration) का विकल्प भी दिया गया है, जिसकी शुरुआत 16 नवंबर से हो रही है। इसके बाद 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक प्रगणक घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन का कार्य करेंगे।
कैसे करें घर बैठे स्व-गणना?
राज्य के निवासी 16 से 30 नवंबर के बीच जनगणना के आधिकारिक पोर्टल (se.census.gov.in) पर जाकर खुद को और अपने परिवार को पंजीकृत कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर और OTP से लॉग-इन करना होगा (एक मोबाइल नंबर एक ही परिवार के लिए मान्य)।
पोर्टल पर परिवार अनुसूची के कुल 40 सवालों के जवाब देने होंगे। इनमें नाम, आयु, लिंग, धर्म, जाति (पहली बार व्यापक जातिगत गणना शामिल), मातृभाषा, शिक्षा, रोजगार, पलायन का कारण, दिव्यांगता और घर के बुनियादी विवरण शामिल हैं।
SE ID से बचेगा समय
ऑनलाइन फॉर्म सफलतापूर्वक जमा करने के बाद आवेदक के मोबाइल पर एक यूनिक ‘SE ID’ (स्व-गणना पहचान पत्र) प्राप्त होगी। 1 दिसंबर से जब प्रगणक आपके घर आएंगे, तो आपको सिर्फ यह आईडी उन्हें बतानी होगी। प्रगणक अपने डिजिटल ऐप पर इस आईडी को डालकर कुछ ही सेकंड में डेटा का भौतिक सत्यापन कर लेंगे, जिससे आपका और प्रगणक दोनों का कीमती समय बचेगा।
इस वृहद और हाई-टेक अभियान के लिए पूरे प्रदेश में लगभग 35 हजार प्रगणक और पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं और पूरे डेटा की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। जनगणना निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने आम जनता से इस आसान डिजिटल स्व-गणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।




