
उत्तर प्रदेश में मानसून की विदाई और बारिश का दौर थमने के बाद अब मौसम तेजी से करवट ले रहा है। पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और सुबह-शाम गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 12 नवंबर को पश्चिमी और पूर्वी यूपी के सभी हिस्सों में मौसम साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, कई जिलों में सुबह के वक्त धुंध और हल्का कोहरा छाने लगा है, जो सर्दियों की आधिकारिक शुरुआत का संकेत है। दिन चढ़ने के साथ धूप निकलेगी, जिससे तापमान सामान्य बना रहेगा।
राजधानी लखनऊ, कानपुर, आगरा, बाराबंकी, सीतापुर, औरैया और झांसी समेत कई जिलों में आज सुबह धुंध देखने को मिल सकती है, जबकि दिन में आसमान साफ रहेगा। लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 17 नवंबर तक प्रदेश के मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं आएगा और यह शुष्क ही बना रहेगा।
प्रदूषण ने बढ़ाई मुश्किलें, नोएडा में हाइब्रिड पढ़ाई शुरू
जहां एक तरफ ठंड ने दस्तक दी है, वहीं दूसरी तरफ दिल्ली-एनसीआर से सटे यूपी के शहरों में वायु प्रदूषण ने लोगों का दम घोंटना शुरू कर दिया है। गाजियाबाद, नोएडा और मेरठ जैसे शहरों में हवा की गुणवत्ता (AQI) बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है। गाजियाबाद में AQI 346, मेरठ में 333, नोएडा में 319 और ग्रेटर नोएडा में 270 दर्ज किया गया है।
जहरीली होती हवा और बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा-ग्रेटर नोएडा) जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। यहां कक्षा पांचवीं तक के स्कूलों को ‘हाइब्रिड मोड’ (ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों) में संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि माता-पिता चाहें तो बच्चों को घर से ही पढ़ा सकें।



