
एटा जिले के निधौली कलां थाना क्षेत्र स्थित किशोरपुर गांव में एक दोस्त की सगाई की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। बुधवार शाम शराब पीने के बाद तीन जिगरी दोस्तों—अजीत (18), जीतू (20) और शिवकुमार (19) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
पुलिस को घटनास्थल से अंग्रेजी शराब की दो बोतलें और भांग की गोलियां मिली हैं। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शराब और भांग का एक साथ (कॉकटेल) सेवन करना ही इन तीनों युवाओं के लिए जानलेवा साबित हुआ।
जानकारी के मुताबिक, अजीत और जीतू महाराष्ट्र के नासिक में काम करते थे और हाल ही में घर आए थे, जबकि शिवकुमार 12वीं का छात्र था। तीनों के दोस्त लोकेंद्र की बुधवार को सगाई थी। इसी खुशी का जश्न मनाने के लिए तीनों गांव के प्राथमिक विद्यालय में बैठे और शराब पी।
इसके बाद जब वे बाइक से निकले, तो महज 500 मीटर की दूरी पर चक्कर खाकर गिर पड़े। वहां से गुजर रहे एक दूधिया (सिंटू) ने उन्हें बदहवास हालत में देखा। शिवकुमार ने दवा दिलाने की गुहार लगाई, लेकिन कुछ ही देर में तीनों बेसुध हो गए।
ग्रामीणों की मदद से तीनों को तुरंत निधौली कलां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों को यकीन नहीं हुआ और वे उन्हें पिलुआ के एक निजी डॉक्टर के पास भी ले गए, लेकिन वहां भी निराशा ही हाथ लगी। इस हृदयविदारक घटना से गांव में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. इलामारन जी. और एएसपी श्वेताभ पांडेय समेत पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसएसपी ने बताया कि शराब निधौली कलां स्थित मनौरा तिराहे के एक ठेके से खरीदी गई थी। किसी अन्य ग्राहक के बीमार होने की कोई सूचना नहीं है, जिससे जहरीली शराब की आशंका कम है।
फिलहाल पुलिस इसे भांग और शराब के कॉकटेल का असर मान रही है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।




