
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक बेहद संवेदनशील और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बाल संरक्षण गृह में रहने वाले अनाथ बच्चों के साथ मारपीट और क्रूरता की शिकायत मिली है। इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब दिवाली के मौके पर जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल की पत्नी स्वाति सहगल बच्चों के साथ त्योहार की खुशियां बांटने वहां पहुंची थीं। उपहार बांटने के दौरान एक ढाई साल के दृष्टिहीन बच्चे ने केयरटेकर की ज्यादतियों की सारी पोल खोलकर रख दी, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आ गया।
जानकारी के अनुसार, सरूरपुरकलां गांव की एक धर्मशाला में ‘घरोंदा वेलफेयर संस्था’ द्वारा संचालित इस बाल संरक्षण गृह में स्वाति सहगल अपनी सास और बेटी के साथ मिठाई और गिफ्ट्स लेकर गई थीं। जब उन्होंने वहां रह रहे एक दृष्टिहीन मासूम को प्यार से गोद में लिया, तो उसने अपनी दर्दभरी आपबीती सुनानी शुरू कर दी। बच्चे ने बताया कि केयरटेकर अंकिता न केवल उन्हें मिलने वाली मिठाइयां खुद खा जाती है, बल्कि उनके साथ अक्सर बुरी तरह मारपीट भी करती है। सहमे हुए बच्चे ने यह डर भी जताया कि मेहमानों के जाने के बाद केयरटेकर ये सारे नए कपड़े और उपहार अपने घर लेकर चली जाएगी।
इस घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी ने तुरंत जिला प्रोबेशन अधिकारी को मामले की गहराई से जांच करने के निर्देश दिए। जांच टीम ने जब बाल गृह में रह रहे बच्चों से अलग-अलग बात की, तो केयरटेकर द्वारा धमकाने, मारपीट करने और उचित देखभाल न करने के आरोप पूरी तरह सच साबित हुए।
इसके बाद प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर वंदना गुप्ता की शिकायत पर आरोपी केयरटेकर अंकिता (निवासी अमरोहा) के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह एफआईआर मारपीट के अलावा किशोर न्याय (बाल संरक्षण) अधिनियम की धारा 75 (क्रूरता) और धारा 82 (उचित देखभाल न करना) के तहत दर्ज की गई है।
आपको बता दें कि यह संरक्षण गृह पिछले दो सालों से चल रहा है और यहां मेरठ, रामपुर और खेकड़ा से लाए गए कुल पांच मासूम बच्चे रहते हैं, जिनकी उम्र ढाई से सात साल के बीच है। हालांकि संस्था को कोई सरकारी बजट नहीं मिलता, लेकिन बच्चों की सुरक्षा और देखभाल की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की निगरानी में आती है।
जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि आरोपी पर कानूनी कार्रवाई शुरू हो चुकी है और संस्था के प्रबंधन को भी नोटिस जारी कर इस गंभीर लापरवाही पर जवाब मांगा गया है।



