उत्तर प्रदेश

यूपी 2027 चुनाव: ओवैसी और चंद्रशेखर की नई जोड़ी, सपा के मुस्लिम-दलित वोट बैंक में सेंधमारी की तैयारी?

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों का बिगुल अभी से बजने लगा है। इसी बीच, राजनीतिक गलियारों में एक नया और दिलचस्प गठबंधन आकार ले रहा है। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने हाथ मिलाने का फैसला किया है।

12 नवंबर को लखनऊ में होने वाली एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोनों नेता इस नए गठबंधन, सीटों के बंटवारे और अपनी चुनावी रणनीति का औपचारिक ऐलान करेंगे। इस कदम को सीधे तौर पर मुस्लिम और दलित वोट बैंक को एक मंच पर लाने की बड़ी कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

इस नए समीकरण ने प्रदेश के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। यूपी में मुस्लिम मतदाता परंपरागत रूप से सपा का कोर वोट बैंक रहे हैं, जबकि दलित वोटों पर बसपा का खासा प्रभाव माना जाता रहा है।

हालांकि, हालिया चुनावों में इन दोनों समुदायों का वोट कई हिस्सों में बंटा है। ओवैसी और चंद्रशेखर अब इसी बिखराव का फायदा उठाकर अपने लिए एक मजबूत जमीन तैयार करने की जुगत में हैं। जहां ओवैसी मुस्लिम बहुल इलाकों में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहते हैं, वहीं चंद्रशेखर आजाद दलित राजनीति में तेजी से उभरता हुआ चेहरा हैं।

मुस्लिम बहुल सीटों पर क्या होगा असर?

यूपी में लगभग 20% मुस्लिम आबादी है, जो कई जिलों में हार-जीत तय करने का माद्दा रखती है। 2022 के विधानसभा चुनावों के आंकड़ों पर गौर करें तो 30% से अधिक मुस्लिम आबादी वाले 14 जिलों की 75 सीटों में से बीजेपी ने 38 और सपा ने 30 सीटें जीती थीं।

AIMIM ने पिछले चुनाव में 95 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे और उसे करीब 4.5 लाख (0.49%) वोट मिले थे। हालांकि पार्टी एक भी सीट नहीं जीत पाई, लेकिन सुल्तानपुर, रामनगर और औराई जैसी कुछ सीटों पर AIMIM को मिले वोट सपा उम्मीदवारों की हार के अंतर से भी ज्यादा थे। ऐसे में अगर 2027 में ओवैसी और चंद्रशेखर मिलकर चुनाव लड़ते हैं, तो सपा के लिए मुस्लिम बहुल इलाकों (जैसे मुरादाबाद नगर, नकुड़, बहराइच आदि) में सीधी चुनौती खड़ी हो सकती है।

सबकी नजरें अब 12 नवंबर की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर हैं, जहां यह साफ होगा कि यह गठबंधन कितनी सीटों पर लड़ेगा और क्या यह नया दांव यूपी की राजनीति में कोई बड़ा बदलाव ला पाएगा या नहीं।

Related Articles

Back to top button