उत्तर प्रदेशफ़िरोज़ाबाद

फिरोजाबाद में दर्दनाक हादसा: पुलिस-सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे युवक को अज्ञात वाहन ने रौंदा, सुबह दौड़ लगाते समय हुई मौत

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में रविवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार के सपनों को चकनाचूर कर दिया। जसराना थाना क्षेत्र के एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर पुलिस और भारतीय सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहे 18 वर्षीय एक होनहार युवक को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। इस भीषण टक्कर में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। बेटे की मौत की मनहूस खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, खेरिया पटीकरा गांव के रहने वाले रियाज खान का 18 वर्षीय बेटा बॉबी खान तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। बॉबी को देश सेवा का जुनून था और वह अपनी पढ़ाई के साथ-साथ पुलिस और सेना में भर्ती होने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा था।

इसी के लिए वह रोज सुबह उठकर दौड़ लगाने जाता था। रविवार सुबह करीब 5 बजे भी वह घर से अपनी नियमित दौड़ के लिए निकला था। सुबह करीब 6 बजे परिजनों को अचानक सूचना मिली कि एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर बॉबी किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही बदहवास परिजन तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही बॉबी दम तोड़ चुका था। सूचना पर जसराना थाना पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के पिता रियाज खान परिवार का भरण-पोषण करने के लिए बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। परिवार ने जिस बेटे को सेना या पुलिस की वर्दी में देखने का सपना संजोया था, उसकी यूं अचानक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस अब फरार वाहन और उसके चालक की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

Related Articles

Back to top button