
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में एक शिविर पर हुए आतंकी हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के तीन जवान घायल हो गए। यह घटना दोपहर करीब 2.15 बजे मीर बाजार के पास स्थित सीआरपीएफ शिविर में एक सुरक्षा चौकी पर घटी। जम्मू और कश्मीर के कुलगाम जिले के मीर बाजार के पास अखरान के नौपोरा में एक नाके (चेकपॉइंट) पर तैनात सुरक्षाकर्मियों पर अज्ञात मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोलीबारी की, जिसमें तीन जवान घायल हो गए, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
सीआरपीएफ ने बताया कि घायल जवानों को इलाज के लिए अनंतनाग स्थित सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय (जीएमसी) में भर्ती कराया गया है। हालांकि, आगे के इलाज के लिए घायल जवानों को सैन्य अस्पताल में स्थानांतरित करने की व्यवस्था की जा रही है। सीआरपीएफ ने एक बयान में कहा कि इलाके को घेर लिया गया है और आतंकवादियों की तलाश में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। घायलों में राकेश दास के पैर में गोली लगी है. उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. संतोष चंद्रू के पेट और रीढ़ की हड्डी में गोली लगी है. उनकी हालत गंभीर है और उनका ऑपरेशन किया जा रहा है. वहीं, सोमवीर सिंह के बाएं हाथ में गोली लगी है।



