उत्तर प्रदेशकानपुर

कानपुर में संपत्ति विवाद में छोटे भाई ने पत्नी संग मिलकर की बड़े भाई की हत्या, पुलिस की बड़ी लापरवाही आई सामने

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक बेहद सनसनीखेज और दर्दनाक हत्याकांड सामने आया है। हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के संजय गांधी नगर में दीवाली की रात संपत्ति के विवाद में एक छोटे भाई ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर अपने सगे बड़े भाई की ईंट से कूंचकर नृशंस हत्या कर दी।

वारदात को अंजाम देने के बाद दंपती ने शव को पड़ोस के एक खाली प्लॉट में फेंक दिया। इस पूरे मामले में यूपी-112 पुलिस की एक बड़ी लापरवाही भी उजागर हुई है, जो मौके पर पहुंची तो थी, लेकिन सिर्फ दरवाजा खटखटाकर औपचारिकता पूरी कर वापस लौट गई।

यह घटना रविवार देर रात की है। मृतक 40 वर्षीय आनंद सिंह उर्फ रगड़ू साल 2007 में हत्या के एक मामले में जेल गया था और 2022 में छूटने के बाद से वह अपने छोटे भाई प्रियम सिंह और उसकी पत्नी रानी के साथ ही रह रहा था। दोनों भाइयों के बीच 200 गज के मकान के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पड़ोसियों के मुताबिक, घटना की रात दोनों भाई नशे में थे और इसी दौरान उनमें गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि प्रियम, उसकी पत्नी रानी और 13 साल की बेटी ने घर के बाहर ही आनंद को लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया।

हंगामा देखकर एक पड़ोसी ने यूपी-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची जरूर, लेकिन तब तक आरोपी दंपती घायल आनंद को घसीटकर घर के अंदर ले जा चुके थे। पुलिस ने बाहर से दरवाजा खटखटाया, लेकिन जब किसी ने गेट नहीं खोला तो पुलिसकर्मी बिना किसी छानबीन के लौट गए और रजिस्टर में गेट न खुलने की बात लिखकर अपना कोरम पूरा कर लिया। पुलिस के जाने के बाद घर के अंदर प्रियम और रानी ने आनंद को ईंटों से बेरहमी से कूंचा, जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए इस दंपती ने बड़ी चालाकी से घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए और देर रात आनंद के शव को पड़ोस के बाबा नगर निवासी सचिन पाल के खाली प्लॉट में फेंक दिया। अगली सुबह जब लोगों ने शव देखा तो पुलिस को खबर की। मौके पर पहुंची डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी, हनुमंत विहार पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। खोजी कुत्ता भी घटनास्थल से कुछ दूर एक स्कूल के पास जाकर रुक गया। डॉक्टरों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में आनंद की मौत सिर की हड्डी टूटने (हेड इंजरी) से होने की पुष्टि हुई है।

मृतक के भतीजे दिव्यांशु की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी दंपती के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सोमवार को रानी और मंगलवार को रोडवेज के संविदा चालक प्रियम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस की शुरुआती लापरवाही को लेकर डीसीपी साउथ ने कहा है कि पड़ोसियों की सूचना के बाद भी गंभीरता न दिखाने वाले पुलिसकर्मियों की जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button