
राजधानी लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र में इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के पास शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां बेखौफ हमलावरों ने एक बीटेक छात्र पर जानलेवा हमला करते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की और सुतली बम भी फेंके। इस हमले में छात्र को चार गोलियां लगी हैं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत इंटीग्रल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज (ट्रॉमा सेंटर) रेफर कर दिया गया है।
पीड़ित छात्र की पहचान बिहार के सिवान जिले (सोनबरसा) के मूल निवासी आयाज इमाम खान उर्फ अरबाज के रूप में हुई है। वह इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में बीटेक (कंप्यूटर साइंस) अंतिम वर्ष का छात्र है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 11:44 बजे अरबाज यूनिवर्सिटी के पास ही स्थित ‘सोनू फास्ट फूड’ पर मौजूद था। तभी वहां सात युवक पहुंचे और उन्होंने जान से मारने की नीयत से उस पर गोलियां बरसा दीं। अचानक हुई फायरिंग और बम धमाकों से मौके पर भारी भगदड़ मच गई। लहूलुहान होकर गिरे अरबाज को वहां मौजूद अन्य छात्रों ने किसी तरह अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी गाजीपुर अतुल कुमार पांडेय और गुडंबा इंस्पेक्टर अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और वहां से बुलेट (खोखे) भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर सात नामजद आरोपियों— अभिषेक ठाकुर, राशिद जमाल, सोहैल, राहुल, नफीस, अब्दुल्लाह और दानिश— के खिलाफ हत्या के प्रयास (अटेम्प्ट टू मर्डर) की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पुलिस की कई टीमें फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं।




