उत्तर प्रदेशमथुरा

मथुरा में खौफनाक वारदात: 9 वर्षीय लापता मासूम की बेरहमी से हत्या, पोखर में मिला क्षत-विक्षत शव

मथुरा जिले के बरसाना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आजनौक गांव में एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। गांव के निवासी दयाचंद का नौ वर्षीय बेटा कृष्ण बीते 23 सितंबर की शाम लगभग साढ़े छह बजे घर के पास से अचानक लापता हो गया था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन शनिवार की सुबह उसका शव इंदुलेखा सखी के समीप स्थित झूला वाले पोखर में मिलने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

इस वारदात की सबसे भयावह बात यह रही कि मासूम बच्चे का धड़ मौके पर नहीं मिला। इस खौफनाक स्थिति को देखकर गांव वालों में आक्रोश और मातम का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गई और इलाके की घेराबंदी कर दी। मामले की गंभीरता और जघन्यता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया।

फिलहाल पुलिस ने बरामद शव को अपने कब्जे में ले लिया है और मासूम के शरीर के गायब हिस्से (धड़) की सरगर्मी से तलाश कर रही है। यह एक साधारण हत्या है या इसके पीछे कोई और गहरी साजिश है, पुलिस हर एंगल से इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुट गई है।

प्रशासन की टीमें स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही हैं ताकि जल्द से जल्द हत्यारों का सुराग लग सके और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

Related Articles

Back to top button