उत्तराखंड

देहरादून: सीएम धामी ने जनता दरबार में सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित और समयबद्ध समाधान के सख्त निर्देश

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित अपने कैंप कार्यालय में प्रदेशभर से आए नागरिकों की जनसमस्याएं और शिकायतें सुनीं। इस दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, पेंशन, रोजगार और आर्थिक सहायता से जुड़े क्षेत्रीय तथा व्यक्तिगत मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।

सभी मामलों को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन सभी प्रकरणों का त्वरित, प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि जिन मामलों का निस्तारण जिला या विभागीय स्तर पर संभव है, उन्हें बेवजह शासन स्तर पर लंबित न रखा जाए और अधिकारी अपने स्तर पर ही शिकायतों के निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है और प्रशासन के प्रत्येक स्तर पर अधिकारियों का दायित्व है कि वे संवेदनशीलता के साथ जनता की बात सुनें तथा नियमानुसार समाधान निकालें। उन्होंने जोर देकर कहा कि आम नागरिकों को अपने जायज कामों के लिए सरकारी दफ्तरों के बार-बार चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी व मजबूत बनाया जाए।

उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि सीएम हेल्पलाइन-1905, जनसुनवाई और ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए शासन-प्रशासन स्वयं जनता तक पहुंच रहा है और पात्र व्यक्तियों को सीधे जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि 17 सितंबर से शुरू हुआ ‘सेवा संकल्प अभियान’ पूरे राज्य में 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही ‘सेवा सेतु’ और ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविरों के माध्यम से केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को सीधे जनता तक पहुंचाया जा रहा है। सीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि समाधान केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि पीड़ित व्यक्ति को धरातल पर वास्तविक राहत मिले।

इस अवसर पर थाईलैंड के पटाया में आयोजित 9वीं हीरोज इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 में पदक जीतने वाले उत्तराखंड के प्रतिभावान खिलाड़ियों ने भी मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल करने वाले मन्नू सोनकर, शिवानी दबसा, मोहम्मद जकी और मुकुल तथा कांस्य पदक विजेता मेघा शर्मा और धनंजय धारीवाल को मुख्यमंत्री ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Back to top button