
बदायूं के कादरचौक थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही जान चली गई। कादरचौक-बदायूं मार्ग पर असरासी पुलिया के पास किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने इनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। मृतकों की पहचान कादरचौक निवासी 21 वर्षीय सौरभ जौहरी उर्फ चीता और 20 वर्षीय वीरेश उर्फ विपिन के रूप में हुई है, जो आपस में गहरे दोस्त थे।
परिजनों के अनुसार, सोमवार रात दोनों दोस्तों ने कस्बे के ही एक ढाबे पर अपने लिए मुर्गा बनवाया था। जब वे वहां देरी से पहुंचे तो ढाबा संचालक ने वह मुर्गा किसी और ग्राहक को बेच दिया। इस बात को लेकर उनका ढाबा संचालक से विवाद हो गया, जिसमें पुलिस को भी हस्तक्षेप करना पड़ा। इसके बाद दोनों भदरौली के पास स्थित किसी दूसरे ढाबे पर खाना खाने के लिए निकले थे, तभी रास्ते में यह जानलेवा हादसा हो गया।
इस घटना की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे मोहल्ले में मातम पसर गया। सौरभ अपने दो भाइयों में छोटा था और पिता गोपाल जौहरी की समोसे की दुकान में मदद करता था। वहीं, वीरेश पांच भाइयों में सबसे बड़ा था, जिसके पिता खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।




