
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार रात एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। आजमगढ़ से लखनऊ जा रही रोडवेज बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर के बाद ट्रक पलट गया। हादसे में बस चालक समेत 27 यात्री घायल हो गए।
हादसा रात करीब 1:30 बजे बाराबंकी जिले के सुबेहा थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 56.7 के पास हुआ। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी बाजार शुकुल पहुंचाया गया।
छह गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज तिलोई रेफर किया गया है। 16 घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया, जबकि 11 यात्रियों को मामूली चोट होने पर दवा देकर घर भेज दिया गया।
घायलों में बस चालक संजय सिंह (56, रामपुर-आजमगढ़), जगदंबा गुप्ता (35) व उनकी पत्नी विनीता गुप्ता (32), जयप्रकाश (35, शिवपुर), बृजेश राय (49), काशीनाथ यादव (35), सीमा अस्थाना (42, हरदोई), किशन कुमार (29, गोरखपुर), श्वेता पांडे (46, लखनऊ), कार्तिक राजभर (25) समेत अन्य शामिल हैं। इनमें से संजय सिंह, जयप्रकाश, बृजेश राय, सीमा अस्थाना, श्वेता पांडे और कार्तिक राजभर को तिलोई रेफर किया गया।
एक यात्री दिलशाद के अनुसार, चालक को झपकी आने से बस ट्रक में जा घुसी। कई यात्री उस समय सो रहे थे। घायल आफरीन बानो की रविवार सुबह लखनऊ से सऊदी अरब की उड़ान थी। वह पहली बार पति के पास जा रही थीं और सिर में हल्की चोट के बाद चिंतित थीं कि क्या वे पहुंच पाएंगी।




