फिरनी मुगलई व्यंजनों की एक क्लासिक मिठाई है, जिसका परिचय देने की जरूरत नहीं। लेकिन पारंपरिक रूप से दूध से बनने के कारण लैक्टोज असहिष्णुता वाले या वेगन डाइट फॉलो करने वाले लोग इसे आसानी से नहीं खा पाते। त्योहारों का मौसम नजदीक है और रक्षाबंधन भी आने वाला है, ऐसे में सेलिब्रिटी शेफ संजीव कपूर ने एक आसान रेसिपी शेयर की है, जिसमें पूरे दूध की जगह बादाम का दूध इस्तेमाल करके इसे वेगन बना दिया गया है।
इस रेसिपी को तैयार करने में लगभग डेढ़ घंटा और पकाने में करीब 30 मिनट लगते हैं। नीचे दी गई मात्रा चार लोगों के लिए है।
बादाम फिरनी के लिए सामग्री
- 3 कप बादाम का दूध
- 4 बड़े चम्मच चावल (30 मिनट भिगोकर निथार लें)
- केसर की एक बड़ी चुटकी (गार्निश के लिए भी)
- ½ छोटी चम्मच हरी इलायची पाउडर
- ¾ कप गुड़ (कटा हुआ)
- ½ बड़ा चम्मच गुलाब जल
- छिले हुए पिस्ते (कतरे हुए, गार्निश के लिए)
बनाने की विधि
एक गहरे नॉन-स्टिक पैन में बादाम का दूध गरम करें और उबाल आने दें। आंच कम करें और 8-10 मिनट तक उबलने दें।
ब्लेंडर जार में चावल डालें, आधा कप पानी मिलाएं और मोटा पेस्ट बना लें।
इस पेस्ट को बादाम के दूध में डालकर अच्छी तरह मिलाएं। केसर की एक बड़ी चुटकी मिलाएं और तब तक पकाएं जब तक चावल पक न जाए और मिश्रण गाढ़ा न हो जाए।
हरी इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं। धीमी आंच पर लगातार हिलाते हुए 3-4 मिनट पकाएं।
गुड़ डालकर मिलाएं और तब तक पकाएं जब तक गुड़ पूरी तरह घुल न जाए। गुलाब जल डालकर मिलाएं। पैन को आंच से उतार लें।
फिरनी को मिट्टी के अलग-अलग कटोरे में डालें, ऊपर पिस्ते के कतरे छिड़कें, कुछ केसर की लड़ियां से गार्निश करें और ठंडा करके परोसें।



