
पीलीभीत के बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव भसुंडा में मंगलवार सुबह कुछ लोगों ने देसी शराब की दुकान के सेल्समैन को गोली मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने पुलिस को हमलावरों के नाम बताए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
गांव निवासी श्यामाचरण गंगवार (40 वर्ष) गांव में ही स्थित देसी शराब की भट्ठी पर सेल्समैन हैं। उनके घर के बाहरी हिस्से में पान मसाला और किराने की दुकान भी है। कुछ दूरी पर उनके पिता लाल बहादुर बल्ली की दुकान चलाते हैं।
परिजनों के मुताबिक मंगलवार सुबह करीब आठ बजे पड़ोसी गांव चौसरा के दो-तीन लोग डनलप (भैंसागाड़ी) लेकर बल्ली खरीदने पहुंचे थे। वे पहले लाल बहादुर की दुकान पर गए। उनके कहने पर बल्ली डनलप पर लदवाई जा रही थी। इसी दौरान वे श्यामाचरण की दुकान पर पहुंच गए। किसी बात को लेकर उनका श्यामाचरण से विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने तमंचे से श्यामाचरण को गोली मार दी। गोली उनके पेट में लगी, जबकि कुछ छर्रे दाएं पैर में भी लगे। वारदात के बाद आरोपी पैदल ही चौसरा की ओर भाग गए।
गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। घायल श्यामाचरण ने उन्हें गोली मारने वालों के नाम बताए। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जानकारी मिलते ही कोतवाल संजीव शुक्ला पुलिस बल के साथ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली।
हालत बिगड़ने और बेहोशी के कारण पुलिस श्यामाचरण से पूछताछ नहीं कर सकी। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों ने पुलिस को हमलावरों के नाम बताए हैं।
परिजनों के अनुसार, जिन लोगों पर गोली मारने का आरोप है, उनसे उनका काफी पुराना मुकदमा भी चल रहा है, जो न्यायालय में विचाराधीन है। हालांकि मंगलवार को गोली मारने की घटना से पहले विवाद किस बात को लेकर हुआ, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश में जुटी है।



