
हाथरस के सिकंदराराऊ क्षेत्र में 24 अगस्त रात कासगंज रोड पर एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। नगला जलाल कपासिया मार्ग पर ऑटो और टिर्री की भिड़ंत हो गई, जिसमें ऑटो में सवार पप्पू नामक व्यक्ति की मौत हो गई।
पप्पू अपनी बेटी शिवानी के साथ गांव श्यामपुर मानिकपुर जा रहे थे। वे गांव भटीकरा के निवासी थे और उनकी आयु 50 वर्ष थी। सामने से आ रही एक टिर्री ने अनियंत्रित होकर ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पप्पू गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इलाज के लिए ले जाया गया। डॉक्टरों ने करीब आधा घंटा तक इलाज का प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
टक्कर मारने के बाद टिर्री चालक मौके से फरार हो गया। वह अपनी टिर्री वहीं छोड़कर भाग निकला। कोतवाली पुलिस ने पप्पू के शव को अपने कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भेजा गया है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में कोई तहरीर पुलिस को नहीं मिली थी।



