
ओडिशा के अंगुल जिले के तालचर कनिहा में स्थित नेशनल थर्मल पावर कॉर्पोरेशन (एनटीपीसी) के संयंत्र में हुए विस्फोट में कम से कम पांच कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। कंपनी ने पुष्टि की है कि शनिवार तड़के संयंत्र की यूनिट-1 में स्थित कोयला भंडार में विस्फोट हुआ। कोयले के गोदाम में काम कर रहे पांच मजदूर विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान सुशांत साहू, किशोर प्रधान, बलराम प्रधान, खगेश्वर साहू और सुकदेब भूटिया के रूप में हुई है। कंपनी ने बताया कि उनमें से दो की हालत बेहद गंभीर है।
घायलों को पहले एनटीपीसी अस्पताल ले जाया गया और उनमें से एक को बाद में कटक एससीबी मेडिकल कॉलेज में स्थानांतरित कर दिया गया। एक अन्य व्यक्ति को अंगुल बाणरापाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक और गंभीर रूप से घायल मजदूर का एनटीपीसी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। जिला मजिस्ट्रेट ने कहा, “इस दुर्घटना में पांच लोग घायल हुए हैं इनमें से दो की हालत गंभीर है, उन्हें भुवनेश्वर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एनटीपीसी अधिकारियों ने कहा दुर्घटना का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही पता चलेगा।



