उत्तर प्रदेशमेरठ

मेरठ में बेटी और प्रेमी ने की मां की हत्या, शव रुड़की नहर किनारे फेंका; दोनों गिरफ्तार

मेरठ के कंकरखेड़ा स्थित नटेशपुरम में रहने वाली 40 वर्षीय कविता की हत्या उनकी बेटी उन्नति और उसके प्रेमी आकाश चौहान ने मिलकर कर दी। प्रेम-प्रसंग का विरोध करने पर दोनों ने महिला की हत्या की और शव को हरिद्वार के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में गंगनहर के किनारे फेंक दिया। पुलिस ने बुधवार रात दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

हरिद्वार के एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के अनुसार 18 अगस्त को गंगनहर किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिला था, जिसके गले पर चाकू के गहरे निशान थे। शव की पहचान कविता के रूप में हुई। वे कंकरखेड़ा के अरविंद की पत्नी थीं। दोनों मूल रूप से मुजफ्फरनगर के ओली माजरा गांव बुढ़ाना के निवासी हैं।

अरविंद ने पुलिस को बताया कि बेटी उन्नति और आकाश चौहान के बीच प्रेम-प्रसंग था, जिसका कविता विरोध करती थीं। 17 अगस्त की सुबह अरविंद ड्यूटी पर जा रहे थे, तब कविता घर पर नहीं थीं। बेटी ने फोन पर बताया कि वह मां को बरेली के मनोनाधाम दर्शन कराने ले जा रही है।

सीसीटीवी से खुलासा
शव मिलने के बाद पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। एक संदिग्ध कार दिखने पर आरोपियों तक पहुंच गई। मंगलौर पुलिस ने कंकरखेड़ा और पल्लवपुरम पहुंचकर लक्सर रोड से दोनों को गिरफ्तार किया। दोनों ने अपराध कबूल कर लिया। वारदात में प्रयुक्त कार और चाकू बरामद कर लिए गए।

आरोपी आकाश ने बताया कि वह कार चला रहा था और उन्नति पीछे मां के साथ बैठी थी। रास्ते में कविता को नींद आने पर उन्नति ने चाकू से गला रेत दिया। दोनों ने शव को बोरी में रखकर डिग्गी में डाला और मंगलौर पुल के पास सुनसान जगह पर नहर में फेंक दिया।

दोनों आरोपी 12वीं पास हैं और दिल्ली में नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे थे। वहीं उनकी मुलाकात हुई थी। आकाश वारदात से दो दिन पहले दिल्ली से आया था। अरविंद ने दोनों के खिलाफ मंगलौर कोतवाली में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है।

Related Articles

Back to top button