
बदायूं के वजीरगंज थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात भीषण हादसा हो गया। किलोमीटर नंबर 175 के पास करीब तीन बजे एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए।
अर्टिगा गाड़ी (CH02AA4318) में चालक समेत नौ लोग सवार थे। कार रुपैडिया (नेपाल) से चंडीगढ़ जा रही थी। अचानक सड़क पर कुत्ता आ जाने से चालक ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार पलट गई। पलटने के दौरान कार ने कई बार पलटी खाई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर कुत्ता भी मरा पड़ा मिला। माना जा रहा है कि कार की रफ्तार काफी तेज रही होगी।
हादसे में नेपाल के जिला डांग निवासी दीपना खात्री (32, पत्नी नेमबहादुर) और विपना सुनमगर (32, पत्नी विशाल) की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में चालक दीपक ओली (28), पुष्पा (40), ज्ञान बहादुर मल्ल (22), यादव पोडे (22), विनोद (2), सिमोन (10) और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं। सभी को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां अज्ञात घायल ने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शवों को सीएचसी वजीरगंज में रखकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू की। मृतका विपना सुनमगर के परिजनों को सूचना दे दी गई है। दुर्घटनाग्रस्त कार को एक्सप्रेसवे के रेस्ट एरिया में खड़ा कर दिया गया है।



