
सिकंदराराऊ क्षेत्र अंतर्गत पुरदिलनगर के अंबेडकर तिराहे के पास सोमवार शाम एक दुखद हादसा हो गया। कबाड़े की दुकान पर लोहे के पाइप में विद्युत करंट आने से 22 वर्षीय शारिक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना शाम करीब 5:30 बजे हुई, जिससे पूरे इलाके में शोक छा गया।
शारिक पुत्र शाकिर, मुल्ला मोहल्ला गड्ढा, पुरदिलनगर का निवासी था। उसकी दुकान अंबेडकर तिराहे के पास ही थी। वह दुकान के बाहर पड़े लोहे के पाइप को उठा रहा था, तभी पाइप ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। पाइप में अचानक तेज करंट दौड़ गया, जिससे शारिक गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन तुरंत उसे इलाज के लिए अलीगढ़ ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शारिक अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा और अविवाहित था। वह परिवार का भरण-पोषण करता था और कबाड़ी दुकान ही परिवार की आय का मुख्य स्रोत थी। इस हादसे ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। परिजन रो-रोकर अपना दुख व्यक्त कर रहे हैं।
घटना के बाद पुरदिलनगर इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से हाईटेंशन लाइनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है। इसे बिजली सुरक्षा के प्रति लापरवाही का नतीजा माना जा रहा है।



