
साढ़ थाना क्षेत्र के देवसढ़ गांव में हुए मुमताज हत्याकांड के मुख्य आरोपी शोयल खान उर्फ रानू को पुलिस ने रविवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। कुंदौली भट्ठा मोड़ के पास करीब सवा तीन बजे हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उसे घायल हालत में गिरफ्तार कर भीतरगांव सीएचसी पहुंचाया।
8 अगस्त को देवसढ़ गांव में मुमताज की हत्या कर दी गई थी। यह वारदात उनकी पत्नी शाहजहां और 5 महीने की बच्ची मंतशा की मौजूदगी में हुई थी। विरोध करने पर शाहजहां को भी चोट पहुंचाई गई और घर से बाइक व जेवरात लूट लिए गए।
फरारी के दौरान आरोपी भेष बदलकर कई राज्यों में छिपा रहा था और पीड़ित परिवार को व्हाट्सएप पर धमकियां भी भेज रहा था। साढ़ प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, चेकिंग के दौरान रोकने पर आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई में वह घायल हुआ।
मामले में शामिल तीसरे आरोपी धर्मेंद्र की तलाश जारी है।



