
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के माधोटांडा क्षेत्र के लोहरपुरी गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अवैध संबंधों के रास्ते का कांटा हटाने के लिए एक पत्नी ने अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी महिला ममता ने पहले अपने पति उमाशंकर (45) को कोल्ड ड्रिंक में नींद की गोलियां मिलाकर सुलाया और फिर साड़ी के फंदे से गला घोंटकर उसकी जान ले ली। इस खौफनाक वारदात को मृतक के बच्चों ने अपनी आंखों से देख लिया था।
अवैध संबंधों के चलते रची गई साजिश
पूरनपुर के सीओ विधि भूषण मौर्य के अनुसार, शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि महिला ममता के किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध थे, जिसके चलते वह अपने पति को रास्ते से हटाना चाहती थी। उमाशंकर मूल रूप से माधोटांडा के चित्तरपुर गांव के रहने वाले थे और पिछले कई वर्षों से गुजरात में रहकर मजदूरी करते थे। घटना से दो दिन पहले ही वह अपने घर लौटे थे।
बच्चों ने खोली मां की झूठी कहानी
शुक्रवार रात को आरोपी पत्नी ने साजिश के तहत अपनी बेटी गीता के हाथों पिता को नींद की गोलियों से मिला हुआ कोल्ड ड्रिंक भिजवाया। रात करीब एक बजे जब बेटी की आंख खुली तो उसने मां को चारपाई पर नहीं पाया। इसके बाद भाई विवेक को जगाकर दोनों छत पर पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी मां को साड़ी के फंदे से पिता का गला घोंटते हुए देख लिया। बच्चों को देखते ही महिला वहां से भाग गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला खुद को बचाने के लिए अपने भाई को लेकर थाने पहुंच गई और पुलिस को गुमराह करते हुए झूठी कहानी सुनाई कि उसके पति उठ नहीं रहे हैं।
इसी बीच सतर्क बच्चों ने थाने फोन करके अपनी मां के इस कुकृत्य की पूरी सच्चाई पुलिस को बता दी, जिससे महिला का सारा खेल बेनकाब हो गया। मृतक के बेटे विवेक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।




