
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून के राजपुर रोड स्थित एक निजी होटल में Shine AV Learning के ‘Inclusive Education Mission-2030’ का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विशेष जरूरतों वाले बच्चों के लिए विजुअल लर्निंग आधारित पुस्तकों और शैक्षिक सामग्री का भी विमोचन किया।
CM का बयान
धामी ने कहा कि यह पहल शिक्षा को अधिक समावेशी, प्रभावी और सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लाई गई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 का जिक्र करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य बच्चों को सिर्फ पढ़ाना नहीं, बल्कि उन्हें सोचने, नवाचार करने और जीवन में सफल होने का आत्मविश्वास देना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में वर्तमान में करीब 5,800 विशेष आवश्यकता वाले बच्चे स्कूलों में पढ़ रहे हैं। राज्य में 11 विशेष स्कूलों के माध्यम से 1,300 से अधिक बच्चों को विशेष शिक्षा और पुनर्वास सेवाएं दी जा रही हैं। 300 से अधिक विशेष शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है।
धामी ने शिक्षा विशेषज्ञ अनीता शर्मा और पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अनीता शर्मा विदेश से वापस उत्तराखंड आईं और शिक्षा क्षेत्र में नवाचार लाईं, जो रिवर्स माइग्रेशन का प्रेरणादायक उदाहरण है।




