
उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में भारत-नेपाल बॉर्डर के पास सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने 36 वर्षीय अमेरिकी नागरिक जॉर्डन ब्राउन को बिना वैध दस्तावेज के नेपाल जाने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार कर लिया। ब्राउन खुद को अमेरिकी नेवी और स्पेशल फोर्सेस का पूर्व अधिकारी बताता है।
SSB के अनुसार, 11 जुलाई को सोनौली के मैनिहवा इलाके में गश्त के दौरान ब्राउन को पकड़ा गया। वह भागने की कोशिश कर रहा था। उसके पास से 31,460 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद हुए, लेकिन पासपोर्ट या कोई वैध वीजा/दस्तावेज नहीं मिला।
ब्राउन ने पूछताछ में दावा किया कि वह नवंबर 2025 में थाईलैंड में पासपोर्ट खो जाने के बाद श्रीलंका होते हुए समुद्री रास्ते से भारत पहुंचा था। उसके बाद वह गोवा में रह रहा था। वह बेंगलुरु से बस और टैक्सी के जरिए सोनौली पहुंचा था। उसने नेपाल में “नाज” नाम के व्यक्ति से मिलने की बात कही, जिससे उसकी गोवा में मुलाकात हुई थी।
पुलिस के मुताबिक ब्राउन ने अपनी यात्रा, पहचान और नेपाल जाने के मकसद को लेकर विरोधाभासी बयान दिए हैं। उसने दावा किया कि वह 70 देशों की यात्रा कर चुका है, कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी से पढ़ा है और दो साल पहले US Special Forces से रिटायर हुआ है।
मामले की जांच चल रही है। ब्राउन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और अमेरिकी दूतावास को सूचित कर दिया गया है। पुलिस ने इमिग्रेशन और फॉरेनर्स एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है।




