
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सहसपुर के श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जन सेवा शिविर में भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना है, ताकि लोगों को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़े। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और सुशासन का मतलब संवेदनशील, जवाबदेह और नागरिक केंद्रित प्रशासन है।
धामी ने बताया कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान से सरकार में जन विश्वास बढ़ा है और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
उन्होंने समान नागरिक संहिता (UCC) को सामाजिक न्याय की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। साथ ही भर्ती परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए सख्त कानून बनाने और 34,000 से अधिक युवाओं को पारदर्शी भर्ती के जरिए सरकारी नौकरी देने का उल्लेख किया।
सीएम ने भ्रष्टाचार पर शून्य सहनशीलता की नीति दोहराई और सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य, पेयजल, शिक्षा, सड़क, सिंचाई व कृषि क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों की जानकारी दी।



