
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 से 11 जुलाई 2026 तक इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की महत्वपूर्ण त्रिपक्षीय यात्रा पर जा रहे हैं। इस दौरान वे तीनों देशों के नेताओं के साथ रक्षा, व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी और रणनीतिक साझेदारी पर विस्तृत चर्चा करेंगे। यात्रा भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी और स्वतंत्र-खुले इंडो-पैसिफिक विजन को और मजबूत करेगी।
6 से 8 जुलाई तक पीएम मोदी इंडोनेशिया में रहेंगे। राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के निमंत्रण पर यह उनकी द्विपक्षीय यात्रा होगी। दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए वे योग्याकार्ता के प्रसिद्ध प्रंबानन मंदिर का दौरा करेंगे और भारतीय प्रवासियों से भी मुलाकात करेंगे।
इसके बाद वे ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न जाएंगे, जहां प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बानीज के साथ रक्षा, सुरक्षा, व्यापार, शिक्षा, प्रौद्योगिकी और खेल के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। वहां भारतीय समुदाय से भी मुलाकात का कार्यक्रम है।
यात्रा के अंत में प्रधानमंत्री न्यूजीलैंड के ऑकलैंड पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ आर्थिक, व्यापारिक संबंधों और मुक्त व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने पर बातचीत होगी। न्यूजीलैंड में भी वे भारतीय प्रवासी समुदाय को संबोधित करेंगे।



