
सोमवार सुबह शांतिकुंज के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गंगा स्नान कर लौट रहे तीर्थयात्रियों से भरी डबल-डेकर बस को एक तेज रफ्तार डंपर ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस हाईवे पर पलट गई।
इस हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 26 अन्य यात्री घायल हो गए। बस में ज्यादातर महिला यात्री सवार थीं। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
हरिद्वार सीओ शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई। एसडीएम योगेश मेहरा ने कहा कि घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराना प्राथमिकता है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद यातायात कुछ देर के लिए बाधित रहा।




