
राज्य में एक ऐतिहासिक राजनीतिक बदलाव लाते हुए, वरिष्ठ कांग्रेस नेता वी.डी. सतीशन ने सोमवार (18 मई) को केरल के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, जिससे दक्षिणी राज्य में एक दशक से चले आ रहे वामपंथी शासन का अंत हुआ। केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित एक भव्य समारोह में सतीशान को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। सतीशान ने ईश्वर के नाम पर शपथ ली।
शपथ ग्रहण में कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी, हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू और कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार शामिल हुए. पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर, सीपीआई के राज्य सचिव बिनॉय विश्वम और आईयूएमएल नेता भी मौजूद थे।



