
सोमवार को स्थानीय समयानुसार शाम करीब 4:53 बजे जापान के तोहोकू क्षेत्र में 7.4 तीव्रता का एक शक्तिशाली भूकंप आया। भूकंप का केंद्र सानरिकु तट के पास बताया गया। भूकंप के झटके पूर्वोत्तर जापान के कई हिस्सों में महसूस किए गए, जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, भूकंप के 30 मिनट के भीतर तटीय क्षेत्रों में सुनामी की लहरें आ सकती हैं, तटीय क्षेत्र अत्यधिक जोखिम में हैं। भूकंप के बाद, अधिकारियों ने पूर्वोत्तर जापान के कुछ हिस्सों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की ,तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई।
जापान दुनिया के सबसे अधिक भूकंप संभावित देशों में से एक है। यह चार प्रमुख विवर्तनिक प्लेटों के ऊपर स्थित है, जो लगातार एक-दूसरे को धकेलती और गति करती रहती हैं। इसी कारण यह देश प्रशांत महासागर के “रिंग ऑफ फायर” का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो लगातार भूकंपों और ज्वालामुखी गतिविधियों के लिए जाना जाता है। जापान में प्रतिवर्ष लगभग 1,500 भूकंप आते हैं, इसका मतलब है कि देश में लगभग हर दिन कहीं न कहीं भूकंपीय गतिविधि दर्ज की जाती है।



