
उत्तर प्रदेश में तेज गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर यू-टर्न लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी यूपी के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। साथ ही तेज हवाएं (40-50 किमी/घंटा) और ओले गिरने की भी आशंका है।
बृहस्पतिवार को प्रदेश में भीषण गर्मी रही। बांदा में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि प्रयागराज में 40 डिग्री, वाराणसी-हमीरपुर में 39.5 डिग्री और कानपुर में 39.2 डिग्री दर्ज किया गया।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार से विक्षोभ सक्रिय होगा। बारिश का दौर पश्चिमी यूपी से शुरू होकर शनिवार को पूर्वी यूपी तक पहुंचेगा। इस दौरान कई इलाकों में वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना है। करीब 11 जिलों में ओले गिर सकते हैं।
इन जिलों में है बारिश-ओले का अलर्ट:
सहारनपुर, शामली, मेरठ, नोएडा (गौतमबुद्ध नगर), गाजियाबाद, हापुड़, बागपत, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, बिजनौर, अमरोहा, महोबा, झांसी, मुजफ्फरनगर, ललितपुर और आसपास के क्षेत्र।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक इस बदलाव से तापमान में 4-5 डिग्री की गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। किसानों को अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।




