उत्तर प्रदेशपीलीभीत

पीलीभीत में बाइक लूट गिरोह का पर्दाफाश: चार आरोपी गिरफ्तार, लूटी बाइक, असलहा और कार बरामद

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के जहानाबाद इलाके में बाइक लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें तीन लुटेरे और एक कबाड़ी शामिल है। पुलिस ने इनके पास से दोनों लूटी गई बाइकें, दो तमंचे, एक चाकू, कूटरचित नंबर प्लेट वाली कार और अन्य सामान बरामद किए हैं।

मामला 20 और 22 फरवरी का है। गांव गौनेरी बदी निवासी पुष्पेंद्र कुमार और कुकरीखेड़ा निवासी रवि कुमार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि सुनसान रास्तों पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोका, बाइक छीन ली और विरोध करने पर मारपीट भी की। एसपी के निर्देश पर एसओजी और जहानाबाद पुलिस ने संयुक्त टीम बनाकर जांच शुरू की।

जांच में महत्वपूर्ण सुराग मिलने पर पुलिस ने चारों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी हैं—ग्राम सरौरी निवासी संजीव वर्मा, सूरज, धर्मेंद्र और जहानाबाद कस्बा के मोहल्ला कच्ची हवेली निवासी नदीम। संजीव और सूरज के पास से एक-एक तमंचा, धर्मेंद्र के पास चाकू बरामद हुआ। सीओ सदर नताशा गोयल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरा खुलासा किया और चारों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।

पुलिस ने बताया कि ये आरोपी सुनसान इलाकों में बाइक सवारों को निशाना बनाते थे और लूटी बाइकों के पुर्जे कबाड़ी के जरिए बेचते थे। इस गिरोह के अन्य मामलों की भी जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button