
नोरा फतेही का आइटम सॉन्ग ‘सरके चुनर तेरी…’ इन दिनों जमकर सुर्खियां बटोर रहा है। संजय दत्त की पैन-इंडिया फिल्म केडी – द डेविल में शामिल यह गाना अश्लील लिरिक्स और फूहड़ प्रस्तुति के आरोप में विवादों के घेरे में आ गया है। तीखी आलोचना और विरोध के बाद मेकर्स ने गाने का हिंदी वर्जन यूट्यूब से ऑफिशियल तौर पर हटा दिया है।
हालांकि तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में गाने के वर्जन अभी भी यूट्यूब पर बिना किसी बदलाव के उपलब्ध हैं। आलोचकों का कहना है कि यह आधा-अधूरा कदम समाज को पूरी सुरक्षा नहीं देता।
NHRC का नोटिस
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने गाने के कंटेंट पर गंभीरता से संज्ञान लिया है और संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया है। एक सोशल एक्टिविस्ट और एडवोकेट ने दिल्ली पुलिस की साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि गाना सेक्सुअलिटी को बढ़ावा देता है और लिरिक्स समाज में महिलाओं की गलत छवि पेश करते हैं। शिकायतकर्ता ने सभी संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और गाने को सभी प्लेटफॉर्म से तुरंत हटाने की मांग की है।




