
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने TATA IPL 2026 के पहले चरण का शेड्यूल जारी कर दिया है। टूर्नामेंट का यह फेज़ 28 मार्च से 12 अप्रैल 2026 तक चलेगा, जिसमें कुल 20 मैच खेले जाएंगे।
BCCI ने तीन राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए केवल पहले चरण का शेड्यूल जारी किया है। पूरा शेड्यूल चुनाव तिथियां स्पष्ट होने के बाद घोषित किया जाएगा।
19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च को होगी, जहां डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से भिड़ेगी। दूसरे दिन मुंबई इंडियंस वानखेड़े स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स का सामना करेगी।
पहला डबल-हेडर 4 अप्रैल को होगा। दोपहर 3:30 बजे दिल्ली कैपिटल्स vs मुंबई इंडियंस (दिल्ली) और शाम 7:30 बजे गुजरात टाइटन्स vs राजस्थान रॉयल्स (अहमदाबाद)। मैच बेंगलुरु, मुंबई, गुवाहाटी, न्यू चंडीगढ़, लखनऊ, कोलकाता, चेन्नई, दिल्ली, अहमदाबाद और हैदराबाद जैसे 10 शहरों में होंगे।
बेंगलुरु में RCB के पांच होम मैच और रायपुर में दो, पंजाब किंग्स के न्यू चंडीगढ़ में चार और धर्मशाला में तीन, जबकि राजस्थान रॉयल्स के गुवाहाटी में तीन और जयपुर में चार होम गेम होंगे। चिन्नास्वामी स्टेडियम के लिए कर्नाटक सरकार की समिति 13 मार्च को निरीक्षण करेगी, उसके बाद अंतिम मंजूरी मिलेगी।



