
मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष के दूसरे हफ्ते में तनाव चरम पर पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी दी है कि अगर तेहरान होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल की आवाजाही रोकता है या टैंकरों पर हमला जारी रखता है, तो यह ईरान के लिए “अंत” साबित होगा। ट्रंप ने सीबीएस न्यूज को दिए एक विस्फोटक इंटरव्यू में कहा, “वे सब कुछ फायर कर चुके हैं जो उनके पास था। अगर वे कोई चालाकी करते हैं, तो यह उस देश का अंत होगा। अगर कुछ भी गलत करते हैं, तो ईरान का नाम हमेशा के लिए मिट जाएगा।”
ट्रंप ने आगे कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य वर्तमान में “खुला” है और वे इसे “कब्जे” में लेने पर विचार कर रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए चेतावनी दी, “अगर ईरान होर्मुज में तेल की आवाजाही रोकता है, तो अमेरिका उन्हें अब तक से 20 गुना ज्यादा जोर से मारेगा। मौत, आग और प्रलय उन पर बरसेगा।”
इसके जवाब में ईरान की इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कड़ा रुख अपनाया। IRGC ने कहा कि अगर अमेरिका और इजरायल के हमले जारी रहे, तो मध्य पूर्व से “एक लीटर तेल भी” निर्यात नहीं होने दिया जाएगा। IRGC के प्रवक्ता ने कहा कि युद्ध का अंत ईरान के हाथ में है और वे अमेरिकी नौसेना का इंतजार कर रहे हैं। ईरान ने होर्मुज को प्रभावी रूप से बंद कर दिया है, जिससे वैश्विक तेल आपूर्ति बाधित हो गई है।
होर्मुज जलडमरूमध्य पर फोकस
ओमान और ईरान के बीच स्थित यह जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा बाजार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। यहां से दुनिया का लगभग 20% तेल गुजरता है। संघर्ष शुरू होने के बाद कमर्शियल शिपिंग लगभग ठप हो गई है। सोमवार को क्रूड ऑयल की कीमतें 4 साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं – करीब $120 प्रति बैरल तक – और अब भी $100 से ऊपर बनी हुई हैं। कई टैंकर फंसे हुए हैं, और जहाजों पर हमलों से कई नाविकों की मौत हो चुकी है।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका टैंकरों को नौसैनिक एस्कॉर्ट दे सकता है और राजनीतिक जोखिम बीमा प्रदान कर सकता है, लेकिन ईरान की धमकियों के कारण जहाज मालिक हिचकिचा रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर बंदी लंबी चली, तो वैश्विक अर्थव्यवस्था पर गहरा असर पड़ेगा।
ट्रंप ने दावा किया कि युद्ध “बहुत पूरा” हो चुका है और “जल्द ही” खत्म हो सकता है, लेकिन तेल आपूर्ति बाधित होने पर और सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। ईरान ने जवाब दिया कि सुरक्षा सभी के लिए या किसी के लिए नहीं होगी।



