यूपी: डिप्टी सीएम केशव मौर्य का सपा पर हमला, बोले- नकल अध्यादेश खत्म करने वालों को शिक्षा पर बोलने का हक नहीं

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा ने भाजपा शासनकाल में लागू नकल अध्यादेश को खत्म कर शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया, इसलिए उसे शिक्षा के मुद्दे पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है। रविवार को प्रयागराज के सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने यह बात कही।

केशव मौर्य ने कहा कि भाजपा शासन में तत्कालीन शिक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नकल अध्यादेश लागू कर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार किया था, लेकिन सपा सरकार ने इसे समाप्त कर शिक्षा व्यवस्था को कमजोर किया। उन्होंने सपा पर अपराधियों और माफियाओं के प्रति गंभीर होने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह पार्टी शिक्षा के प्रति उदासीन रही है। स्कूलों के मर्जर का मामला हाईकोर्ट में होने की बात भी उन्होंने कही।

ईडी और सीबीआई के दुरुपयोग के सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद चार राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए, जिनमें तीन में भाजपा की जीत हुई। उन्होंने दावा किया कि बिहार में भी भाजपा सरकार बनाएगी और आगामी विधानसभा चुनावों में भी पार्टी जीत हासिल करेगी। साथ ही, 2027 में यूपी में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने बताया कि भाजपा पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुट गई है।

LIVE TV