जो वंशवाद के नाम पर राजनीति करते हैं वो UP का विकास नहीं कर सकते, जौनपुर में CM योगी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जौनपुर के मछली शहर में 2,000 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा, जो लोग परिवार, जाति और वंशवाद के नाम पर राजनीति करते हैं वो लोग यूपी का विकास नहीं कर सकते। ‘सबका साथ-सबका विकास’ के मूलमंत्र के साथ ही विकास संभव है। आज कुछ लोग यूपी के विकास का दावा कर रहे हैं। जनता की सेवा करने का दम भरते हैं। लेकिन वो भूल गए हैं कि वो किस तरह से माफियाओं और अपराधियों को संरक्षण देकर, व्यापारियों की जमीन पर कब्जा व वसूली करवाते थे। वो सब जनता भूली नहीं है।
सीएम योगी ने कहा, पिछली सरकार सरकारी खजाने में डकैती डालने का काम करती थी। शासन की योजनाओं को सिर्फ अपने चहेतों को दिया जाता था। गरीब व किसान तो सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रहते थे। लेकिन भाजपा सरकार में आज हर गरीब व किसान को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
सीएम योगी ने कहा, पिछली सरकारों में कभी श्रमिकों का सम्मान होते हुए देखा था क्या? पहले श्रमिक के मानदेय और पारिश्रमिक पर ही डकैती डाल दी जाती थी। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रमिकों को सम्मान देने का काम किया और काशी विश्वनाथ धाम उसका उदाहरण है। साढ़े चार वर्ष में यूपी में कोई भी दंगा नहीं हुआ है। अपराधी यूपी से पलायन कर गए है। उन्हें पता है कि एक तरफ बुलडोजर सड़क पर चलता है, दूसरी तरफ माफियाराज पर चलाया जा रहा है। यही नया यूपी है।