इस वजह से शपथ ग्रहण समारोह में सबकी निगाहें होंगी स्मृति ईरानी पर!

नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में इस बार सबकी निगाहें स्मृति ईरानी पर होंगी। चूंकि ईरानी ने इतिहास रचते हुए अमेठी सीट पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को शिकस्त दी है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने मंत्रिमंडल में स्मृति ईरानी को बड़े मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंप सकते हैं।

खास बात ये है कि मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह में स्मृति ईरानी जब शपथ लेंगी तो उनके सामने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी बैठे होंगे।

स्मृति ईरानी को इस बार पहले से ज्यादा तव्वजो इसलिए भी दी जा रही है,क्योंकि 2014 में राहुल गांधी के खिलाफ हारने के बावजूद उन्होंने मैदान नहीं छोड़ा, डटी रहीं और ऐतिहासिक जीत दर्ज की।

चूंकि कांग्रेस पार्टी को ये अहसास तो था कि राहुल गांधी की जीत का अंतर कम रहेगा, लेकिन उसे सीट छिन जाने की उम्मीद कतई नहीं थी। दूसरी ओर चुनाव प्रचार के दौरान स्मृति ईरानी साफ तौर पर यह कहती हुई नजर आई कि इस बार अमेठी की जनता ने कुछ खास तय कर रखा है। नतीजों के दिन आपको पता चल जाएगा।

मंत्रालय मिले, फिर वापस लिए गए
ईरानी 2014 में हारने के बाद भी करीब दो साल तक मानव संसाधन एवं विकास मंत्री रही। एक विवाद के चलते उन्हें वहां से हटाकर टेक्सटाइल मंत्रालय दे दिया गया। उन्हें सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भी सौंपा गया, लेकिन यहां पर भी वे फेक न्यूज को लेकर दिए अपने एक आदेश के चलते विवादों में घिर गई। पीएम मोदी ने उन्हें इस मंत्रालय से हटा दिया था।

तो वहीं चुनाव परिणाम आने के 5 दिन बाद ही उन्होंने अमेठी के युवाओं को बड़ी सौगात दी। उप्र कैबिनेट द्वारा अमेठी के डिग्री कॉलेजों को अब राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से सम्बद्ध किया जाएगा। चुनाव प्रचार के दौरान अमेठी के लोगों ने स्मृति ईरानी के समक्ष यह मांग रखी थी।

LIVE TV