
फर्रुखाबाद। यहाँ देर रात झाड़ियों में खून से लथपथ बच्ची मिलने से इलाके में सनसनी फ़ैल गयी। यह तीन साल की बच्ची भाई के साथ मंदिर गई थी। अचानक वह गायब हो गई। काफी खोजबीन के बाद सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। मासूम बेटी की हालत को देख सभी के होश फाख्ता हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे सैफई मेडिकल कालेज रिफर कर दिया गया। मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।
खून से लथपथ बच्ची
श्याम नगर निवासी तीन वर्षीय बालिका अपने भाई के साथ आश्रम के मंदिर में प्रसाद चढ़ाने के लिए गई हुई थी। इस बीच बालिका यहां से लापता हो गई।
ऐसे में भाई ने समझा कि वह घर चली गई होगी । भाई ने घर जाकर जानकारी दी तो परिवार के लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी।
देर रात को बालिका बीजेपी सांसद साक्षी महाराज के आश्रम परिसर के पास अचेतावस्था में पड़ी मिली। इस पर परिवार के लोग उसे इलाज के लिए एक प्राइवेट अस्पताल लेकर गए। इधर घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी गई।
घटना की जानकारी होने पर कुछ भाजपाई भी लोहिया अस्पताल पहुँच गए। उस समय इमरजेंसी में महिला डॉक्टर नदारद थीं।
सूचना पर पहुंचे सीएमएस ने डॉक्टर को काल किया फिर भी उनके आने में विलम्ब हुआ। इस पर भाजपाइयों ने सीएमएस को घेर लिया और उनके साथ धक्का-मुक्की कर दी।
भाजपाईओं ने उन्हें भी यह कहते हुए घेर लिया कि मैडम अब सरकार बदल गयी है इसलिए आप भी खुद को बदल लीजिये।
सूचना पर पुलिस अधीक्षक सुभाष सिंह बघेल, अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार, सीओ आलोक सिंह व देवेंद्र कुमार, इंस्पेक्टर द्रविण कुमार सिंह व अनूप कुमार निगम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे।
आरोपी युवक की तलाश में पुलिस ने रात में कई स्थानों पर दबिशें दीं। पुलिस ने आरोपित एक युवक को गिरफ्तार किया है। अभी भी दो आरोपी पुलिस की पहुंच से दूर हैं।