
मंगलौर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (एमआरपीएल) के परिसर में हुए विस्फोट में कम से कम आठ लोग घायल हो गए , जिससे आसपास के इलाकों में कुछ समय के लिए दहशत फैल गई। एमआरपीएल के एक अधिकारी ने बताया कि एक संविदा मजदूर 35 प्रतिशत तक झुलस गया। विस्फोट एमआरपीएल परिसर के अंदर हुआ और इसका असर आसपास के कई इलाकों में महसूस किया गया। विस्फोट इतना तीव्र था कि बाज़पे स्थित मंगलुरु अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का प्रशासनिक कार्यालय भवन हिल गया, साथ ही जोकाट्टे और आसपास के इलाकों में स्थित घर और इमारतें भी प्रभावित हुईं।
विस्फोट से मंगलुरु अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रशासनिक कार्यालय की खिड़कियां भी प्रभावित हुई। बताया जाता है कि इस घटना के कारण हवाई अड्डे पर कर्मचारियों और अन्य लोगों में कुछ समय के लिए दहशत फैल गई। एमआरपीएल परिसर से सटे जोकाट्टे गांव में भी धमाके के झटके महसूस किए गए। जोकाट्टे ग्राम पंचायत कार्यालय और आसपास के घरों के दरवाजे और खिड़कियां टूट गईं। धमाके के बाद एमआरपीएल यूनिट से काला धुआं आसमान में उठने लगा और यह धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था।



