भारत ने दिखाई दरियादिली, रिहा किये 39 पाकिस्तानी कैदी

39 पाकिस्तानी कैदियोंनई दिल्ली। भारत ने दरियादिली की मिसाल पेश करते हुए यहां की जेलों में बंद 39 पाकिस्तानी कैदियों को रिहा कर दिया है। गौरतलब है कि पाकिस्तान ने भी हाल ही में 200 भारतीय कैदियों को रिहा किया था। विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया है कि पाकिस्तान के 39 कैदियों को रिहा किया गया है। जिसमें 21 नागरिक बंदी और 18 मछुआरे शामिल हैं, इन सभी की नागरिकता की पुष्टि पाकिस्तानी अधिकारियों द्वारा कर ली गई है। जिन्हें वाघा बार्डर के रास्ते एक मार्च 2017 को वापस उनके देश भेजा जा रहा है।

बीते साल दिसंबर में पाकिस्तान ने प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के जन्मदिन के मौके पर वहां की जेलों में बंद 200 भारतीय मछुआरों को रिहा किया था। उक्त मामले में कहा गया है कि भारत सरकार तमाम पात्र भारतीय बंदियों और मछुआरों की शीघ्र अतिशीघ्र रिहाई सहित सभी मानवीय मामलों को बराबर महत्व देती है। यही नहीं पाकिस्तान ने दरियादिली दिखाते हुए गलती से पाक सीमा में घुसे भारतीय सैनिक चांडी बाबूलाल चव्हाण को भी रिहा किया।

बीते साल पाकिस्तान द्वारा भारतीय ठिकानों पर हुए कई हमलों की वजह से भारत-पाकिस्तान के संबंधों में खटास पैदा हो गयी थी। वहीं तमाम विशेषज्ञों का मानना है कि दोनों देशों द्वारा उठाये गये ताजा कदमों से भारत और पाक के बीच रिश्ते सामान्य होने की ओर इशारा करते हैं।

LIVE TV