राजधानी में गर्मी के रंग दिखाने के बीच पेयजल संकट भी होने लगी है

downloadदिल्ली :
राजधानी में गर्मी के रंग दिखाने के बीच पेयजल संकट भी होने लगा है। गर्मी बढ़ने के साथ ही हरियाणा ने यमुना में छोड़े जाने वाले पानी में कमी कर दी है, जिसका सीधा असर वजीराबाद बैराज में पानी के स्तर पड़ा है।
इस बैराज से जुड़े दिल्ली जल बोर्ड के वजीराबाद और चंद्रावल संयंत्र में पानी के उत्पादन में 50 प्रतिशत की गिरावट हो गई है। इसके चलते नई दिल्ली समेत करीब 25 प्रतिशत दिल्ली में पेयजल संकट पैदा हो गया है।
दिल्ली जल बोर्ड के अनुसार, यमुना नदी स्थित बैराज में तेजी के साथ पानी के स्तर में गिरावट हो रही है। इसके चलते वजीराबाद और चंद्रावल जल शोधक संयंत्र में पानी का उत्पादन कम करना पड़ा है, क्योंकि दोनों संयंत्रों को पूरी क्षमता से चलाने की स्थिति में बैराज दो-तीन दिन में ही खाली हो जाएगा और ऐसे में दोनों संयंत्र पूरी तरह ठप हो जाएंगे। उनको नियमित तौर पर चलाने के लिए पानी के उत्पादन में कमी की गई है।
दोनों संयंत्रों में करीब 50 प्रतिशत पानी का उत्पादन कम होने से नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, उत्तरी दिल्ली के अधिकांश इलाकों के अलावा अन्य इलाकों में पेयजल संकट ने पैर पसारने आरंभ कर दिए हैं। इन इलाकों में बृहस्पतिवार से काफी कम दबाव के साथ पेयजल आपूर्ति हो रही है।
जल बोर्ड के अनुसार, यमुना नदी में पूरा पानी नहीं आने तक इन इलाकों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहेगी। इन संयंत्रों में रोजाना करीब 220 एमजीडी पानी का उत्पादन होता है, जबकि दिल्ली जल बोर्ड की समस्त स्रोतों से 900 एमजीडी पानी का उत्पादन करने की क्षमता है।

इन इलाकों में आपूर्ति है प्रभावित :-
जल बोर्ड के मुताबिक, एनडीएमसी क्षेत्र, उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, मध्य दिल्ली, पश्चिम और दक्षिण दिल्ली के चांदनी चौक, जामा मस्जिद, सिविल लाइंस, सुभाष पार्क, मुखर्जी नगर, शक्ति नगर, मॉडल टाउन, जहांगीरपुरी, वजीरपुर मे पानी की कमी की गई है।

LIVE TV