लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र में क्राउन मॉल के पास स्थित सिल्वर लाइन अपार्टमेंट में एक फ्लैट में चोरी हो गई। ताला तोड़कर चोर लाखों रुपये के गहने और नकदी चुरा ले गए। घटना के समय फ्लैट मालिक अपने बेटे को स्कूल से लेने गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी दवा लेने अस्पताल गई हुई थीं। चोर ने लोहे की अलमारी का ताला तोड़कर लगभग 250 ग्राम सोने के आभूषण, 1.5 किलोग्राम चांदी के आभूषण और बर्तन चुरा लिए, साथ ही लगभग 1.50 लाख रुपये नकद भी ले गया, यह पूरी घटना फ्लैट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
सिद्धार्थ पांडे अपनी पत्नी और साढ़े तीन वर्षीय बेटे के साथ सिल्वर लाइन अपार्टमेंट में किराए पर रहते हैं। पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में उन्होंने बताया कि दोपहर वे अपने बेटे को स्कूल से लेने गए थे। उनकी पत्नी राम मनोहर लोहिया अस्पताल में डॉक्टर से मिलने गई थीं इस दौरान फ्लैट में कोई नहीं था। जब वे घर पहुंचे, तो देखा कि दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर उसने पाया कि लोहे की अलमारी का दरवाजा मुड़ा हुआ था और उसका लॉकर खुला हुआ था, सारा सामान बिखरा पड़ा था। जाँच करने पर उसने पाया कि सोने-चांदी के गहने और नकदी गायब थे।
पीड़ित के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध घर का ताला तोड़कर अंदर घुसते हुए देखा गया। उसने अलमारी का दरवाजा मोड़ा, ताला तोड़ा, सामान को एक बैग में भरा और वहां से चला गया। संदिग्ध ने लाल रंग की आधी बाजू की कमीज और काले रंग की आधी पैंट पहनी हुई थी। उसके कंधे पर एक काला बैग भी था। पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद उसने चिल्लाकर गार्ड और पड़ोसियों को बुलाया और फोन पर अपनी पत्नी को भी सूचना दी। अपनी शिकायत में उसने गार्ड और घरेलू नौकर के चोरी में शामिल होने का संदेह जताया।



