राजन निपटे, अब ‘नक्सली’ केजरीवाल की बारी

सुब्रमण्यम स्वामीनई दिल्ली| पूर्वी दिल्ली के सांसद महेश गिरी सीएम अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर आमरण अनशन कर रहे हैं| इस धरने में अब भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी भी आ गये हैं| स्वामी के इस पैंतरे से दिल्ली की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। अरविंद केजरीवाल के घर की सुरक्षा बढ़ाते हुए सीआरपीएफ तैनात कर दी गयी है|

स्वामी ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को सांसद महेश गिरी पर लगाये गये आरोप साबित करने की चुनौती दी| उन्होनें कहा कि अगर केजरीवाल ऐसा नहीं करते हैं तो उन्हें माफी मांगनी चाहिए|

राजन के बाद अब केजरीवाल निशाने पर

स्वामी ने कहा कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के गर्वनर रघुराम राजन के बाद अब उनका निशाना दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बेनकाब करना है। उन्होंने कहा, ‘अब तक मैं आरबीआइ गवर्नर के पीछे पड़ा था, अब मैं केजरीवाल के पीछे पड़ गया हूं’।

स्वामी ने यहां पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “केजरीवाल जिस तरह काम कर रहे हैं, उसमें कोई हैरानी की बात नहीं है। वह स्वभाव से नक्सली हैं। केजरीवाल ने गिरी के खिलाफ जो आरोप लगाए हैं, वे पूरी तरह गलत हैं।”

उन्होंने कहा, “अगर केजरीवाल के पास इससे संबंधित पत्र है, तो उन्हें यह दिखाना चाहिए और अगर नहीं है, तो माफी मांगनी चाहिए।”

स्वामी ने ‘आप’ के नेताओं पर हमला करते हुए कहा, “आप के सभी मंत्री चोर हैं। देखिए उनमें से हर कोई कैसे इस्तीफा दे रहा है।” उन्होंने दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग को भी नहीं बख्शा और कहा कि उन्हें बर्खास्त कर दिया जाना चाहिए।

उपराज्यपाल पर भी बोला हमला

सुब्रमण्यम स्वामी ने दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग पर भी जमकर निशाना साधा| उन्होंने उपराज्यपाल पर संविधान के खिलाफ काम करने के आरोप लगाते हुए उनकी बर्खास्तगी की मांग की|

ये है मामला

एनडीएमसी में संपत्ति अधिकारी एम.एम. खान की यहां जामिया नगर में 16 मई को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह अगले ही दिन एक चार सितारा होटल ‘द कनॉट’ की लीज से संबंधित आदेश पारित करने वाले थे। उनकी हत्या के सिलसिले में ‘द कनॉट’ के मालिक रमेश कक्कड़ सहित छह अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

इसके बाद से केजरीवाल लगातार आरोप लगाते आ रहे हैं कि भाजपा सांसद महेश गिरी और एनडीएमसी के उपाध्यक्ष करण सिंह तंवर की एम.एम. खान की हत्या में संदिग्ध भूमिका है। तंवर का भाजपा से ताल्लुक बताया गया है। हालांकि गिरी और तंवर ने खुद पर लगे आरोपों को खारिज किया है।

इन आरोपों के बाद लोकसभा में पूर्वी दिल्ली का प्रतिनिधित्व करने वाले महेश गिरी ने केजरीवाल को उन पर लगे आरोपों को साबित करने के लिए सबूत पेश करने तथा खुली बहस की चुनौती दी है।

LIVE TV