देश का भला सिर्फ गांधी-लोहिया के समाजवाद से ही संभव

समाजवादलखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि देश का भला सिर्फ गांधी-लोहिया द्वारा प्रतिपादित समाजवाद से ही संभव है, जिसके अग्रदूत बाबू कपिलदेव थे। बाबू कपिलदेव डॉ. लोहिया के अनन्य अनुयायी, ईमानदारी, सैद्धांतिक प्रतिबद्धता एवं लोकजीवन में अनुशासन की जीवंत मूर्ति थे।

उन्होंने कहा कि वे कई बार विधायक व मंत्री रहे, लेकिन सत्ताजनित विकृतियां उन्हें छू भी नहीं सकीं। शिवपाल पार्टी मुख्यालय स्थित सभागार में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं समाजवादी पार्टी के संस्थापक महासचिव बाबू कपिल देव सिंह की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे।

यादव ने बताया, “अंग्रेजों भारत छोड़ो (1942) आंदोलन में उन्होंने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। ब्रिटानिया हुकूमत द्वारा कठोर कारावास की यातना भी उन्हें स्वतंत्रता संग्राम व समाजवादी आंदोलन से डिगाने में असफल रही। आजादी के बाद जनसमस्याओं के समाधान के लिए कई आंदोलन किए और जेल गए। बाबू कपिलदेव स्वाध्यायी थे।”

शिवपाल ने कहा कि सपा लोहिया व कपिलदेव सिंह की प्रेरणा से सांप्रदायिक शक्तियों से निर्णायक संघर्ष के लिए तैयार है। इस दौरान शिवपाल ने सभी कार्यकर्ताओं से नेता जी द्वारा घोषित प्रत्याशियों के लिए जी-जान से जुटने की अपील की।

LIVE TV