
एमपी की राजधानी भोपाल से एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक लड़की को घेरकर कुछ लोग उसे बुर्का हटाने के लिए मजबूर कर रहे हैं। वह लोग कह रहे हैं कि बुर्का उतारिए, बुर्का उतारिए… आप हमारी कौम को बदनाम कर रही हैं। लड़की से जबरदस्ती बुर्का उतरवाया जाता है। बुर्का उतरवा रहे लोगों को संदेह था कि लड़की हिंदू है। इसका कारण है कि लड़की जिस स्कूटी पर बैठी है उस पर फूल माला टंगी हुई थी।

वहीं स्कूटी चला रही लड़के के हाथ पर भी कलावा बंधा हुआ था। लड़की से जबरन लोग बुर्का उतरवाते हैं। वह जींस पहने हुए थी इस पर भी लोगों की टिप्पणी सामने आती है। इस बीच वहां खड़े लोग वीडियो बनाते रहते हैं। बुर्का उतरवाया जाने वाला यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है। वीडियो भोपाल के इस्लाम नगर का बताया जा रहा है। पीड़ित लड़की ने इस वीडियो को लेकर शिकायत नहीं दर्ज करवाई है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ धारा 151 के तहत निरोधक कार्रवाई की है।
वीडियो में एक अन्य व्यक्ति की भी आवाज सुनाई दे रही है वह कहता है कि युवती का कार्य उसके समुदाय को अपमानित कर रहा है। जबकि महिलाओं को उसे अपना चेहरा दिखाने की कोशिश करते देखा जा सकता है। वहीं ईंटखेड़ी पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक आरएस वर्मा ने बताया कि दोपहर को युवक-युवती इस्लाम नगर पहुंचे। जहां कुछ लोगों ने उसे रोका और बुर्का हटाने के लिए और चेहरा दिखाने के लिए मजबूर किया। लोगों का मानना था कि युवक हिंदू है और युवती मुस्लिम।