
रामपुर। एंटी-रोमियो स्क्वैड वाले उत्तर प्रदेश के रामपुर में सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। जनपद के शहजादनगर थाना क्षेत्र में चार लोगों ने एक महिला को जंगल में ले जाकर पति के सामने ही उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस का कहना है कि यह मामला आपसी रंजिश का हो सकता है।
पुलिस के अनुसार, शहजादनगर के भोनकपुर गांव में पति-पत्नी अपनी जमीन देखकर बाइक से लौट रहे थे, तभी राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर क्वालिस गाड़ी से चार लोग नीचे उतरे और बाइक रोकने को कहा।
इसके बाद इन लोगों ने पति-पत्नी को जंगल में ले जाकर पति को पेड़ से बांध दिया और उसी के सामने उसकी पत्नी के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
इस हैवानियत को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी बरेली की ओर चले गए।
पीड़िता किसी तरह से अपने पति के साथ शहजादनगर थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने बताए गए घटनास्थल का जायजा लिया और महिला को जांच के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म की रिपोर्ट लिख ली है। पुलिस का कहना है कि जिन लोगों ने हैवानियत की है, वे पीड़ित महिला के पति के रिश्तेदार थे, इसलिए यह मामला आपसी रंजिश का लगता है।